Skip to main content

लोकनायक और राष्ट्र ऋषि : जयप्रकाश नारायण व नानाजी देशमुख

आज भारतवर्ष के दो महान व्यक्तित्व का जन्मदिवस है, पहला लोकनायक श्री जयप्रकाश नारायण जी का और दूसरा कर्मयोगी राष्ट्रऋषि श्री नानाजी देशमुख का।

अद्भुत संयोग की कल रात्रि को ही श्रद्धेय नानाजी लिखित पुस्तक "राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ" पढ़कर पूर्ण की। दो विलक्षण महापुरुषों के जीवन के बारे में हमे इस पुस्तक से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। स्वतंत्रता सेनानी जेपी साहब और संघ के प्रचारक तथा बाद में जनसंघ के वरिष्ठ नेता रहे नानाजी का सम्बंध और चिंतन अत्यंत आत्मिक व एकात्म था। जयप्रकाश जी महात्मा गांधी के विचारों से प्रभावित थे तो नानाजी संघ के उन प्रारंभिक स्वयंसेवकों में से थे जिन्होंने संस्थापक प. पूज्य डॉ हेडगेवारजी की प्रेरणा से प्रचारक जीवन अंगीकृत कर उत्तरप्रदेश को अपनी कर्मभूमि बनाया, दीनदयाल उपाध्याय जी नानाजी की ही खोज थे।

1973 में गुजरात के छात्र आंदोलन, तथा 1974 के ऐतिहासिक बिहार के सम्पूर्ण क्रान्ति आंदोलन जिसने देश की जवानी और छात्र शक्ति को जगाकर अन्याय के विरुद्ध लड़ने का जो मंत्र जयप्रकाश जी ने प्रदान किया, उसका वृद्धावस्था में नेतृत्व किया उसमें उनके पूर्ण सहयोगी नानाजी देशमुख ही थे। यही वो आंदोलन था जिसने भृष्टाचार के आकंठ में डूबी इंदिरा सरकार को खुली चुनौती दी तथा व्यवस्था परिवर्तन का आह्वान किया। इसी से डरकर इंदिरा ने 1975 में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र व संविधान की निर्मम हत्या कर दी। तब जेपी के आह्वान और संघ के अभियान से प्रेरित लाखों कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों ने इस निर्णय के विरुद्ध निर्णायक अहिंसक युद्ध छेड़ा और लंबे संघर्ष, कठोर यातनाओं तथा परिश्रम से इस पर विजय प्राप्त की। तब भी नानाजी ही जे पी के सारथी रूप में साथ थे।

इंदिरा के राजनीतिक विकल्प के रुप मे जयप्रकाश नारायण जी ने जब सम्पूर्ण विपक्ष के एकजुट होने की बात कही तब नानाजी ने ही सर्वप्रथम इसमें जनसंघ की तरफ से स्वीकृति प्रदान की। जनता पार्टी के उदय और इंदिरा के सत्ताच्युत होने के बाद प्रथम गैर कॉंग्रेस सरकार के निर्माण में लोकनायक का त्याग और तपस्या तथा नानाजी का अथक परिश्रम सम्मिलित था परन्तु सत्ता लिप्सा दोनों में नही थी। लोकनायक ने 1954 में ही सत्ता व पद की राजनीति का परित्याग कर दिया था तो नानाजी ने भी सांसद होते हुए भी सरकार में कोई पद नही लिया।

यह पुस्तक नानाजी के संस्मरणों व अनुभवों का अद्भुत समिश्रण है, नानाजी ने इस पुस्तक के माध्यम से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की कार्यपद्धति, सत्ता मोह के बजाय समाज निर्माण का संकल्प व राष्ट्रनिर्माण की योजना को हमारे समक्ष रखते हुए जनता पार्टी सरकार में पद लिप्सा व सत्ता के भूखे नेताओं द्वारा संघ पर अनर्गल आरोप लगाने वालों को बेनकाब किया है। जनता पार्टी के आपसी कलह तथा ध्येय समर्पित जनसंघ पदाधिकारियों की संघ निष्ठा के कारण उन्हें दोहरी सदस्यता का नाता रखने के नाम पर अलग-थलग करने के षड्यंत्रों को उजागर किया है।

नानाजी ने जनता पार्टी की आपसी कलह से परेशान जेपी के दर्द व उनके टूटते सपनों को प्रकट करते हुते इसके प्रमुख दोषियों जिसमें चौधरी चरणसिंह का दोहरा व्यवहार, प्रधानमंत्री बनने का लोभ, राजनारायण, मधु लिमये, मधु दण्डवते जैसे समाजवादियों की कमजोर निष्ठाओं, कॉंग्रेस से सांठगांठ, अन्य लोगों की भीरू वृति को पुस्तक में उजागर किया है, इनके कारण ही जनता पार्टी टूटी है यह स्पष्ट किया है। युवा तुर्क कहे जाने वाले चंद्रशेखर अध्यक्ष होकर भी कुछ खास नही कर पाए यह जनता पार्टी के महासचिव के नाते नानाजी ने जो सहा व देखा वही पीड़ा व्यक्त की है।

जयप्रकाश नारायण जी के समान ही नानाजी ने 1978 में ही राजनीतिक जीवन से सन्यास की घोषणा कर अपने मार्गदर्शक का अनुसरण कर ग्राम विकास व गरीबों के उत्थान का स्वप्न लेकर दीनदयाल शोध संस्थान के माध्यम से उत्तरप्रदेश के गोंडा, चित्रकूट व बुंदेलखंड के गांवों का समग्र विकास करने के लिए उन्होंने वृहद स्तर पर कार्यक्रम चलाए और लगभग 500 से ज्यादा गांवों को आत्मनिर्भर बनाया। जयप्रकाश जी को श्रद्धांजलि स्वरूप स्थापित जयप्रभा गाँव आज उनके कार्यों को प्रकट करता है। 1991 में भारत के प्रथम ग्रामीण विश्वविद्यालय "महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय" की स्थापना जयप्रकाश जी के सपनों को साकार रूप देने का प्रयास है।
उत्तरप्रदेश, मराठवाडा, मध्यप्रदेश, बिहार के कितने ही गाँव नानाजी के प्रयासों व परिश्रम से स्वावलंबी हुए है।

उनके प्रिय मित्र व सहयोगी श्री अटलबिहारी जी ने 1999 में नानाजी को पद्मविभूषण से अलंकृत किया, 2019 में श्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया। अद्भुत संयोग की लोकनायक जयप्रकाश जी भी भारत रत्न अलंकरण से सम्मानित हुए थे।
27 फरवरी 2010 को नानाजी ने इस धरा से महाप्रस्थान किया तथा पूर्व घोषणा अनुसार उनकी देह मेडिकल कॉलेज को शोध हेतु दान की गई।
आज जन्मजयंती पर दोनों महामानवों जो सदैव ही राष्ट्रीय कार्य में आपसी सहयोगी रहे को शत शत नमन।

✒️©️ नरेश बोहरा "नरेन्द्र"
            नाड़ोल ( राजस्थान)

Comments

Popular posts from this blog

अखण्ड भारत और विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस

 #विभाजन_विभीषिका_स्मृति_दिवस  #अखण्ड_भारत_स्मृति_दिवस  1947 में भारतवर्ष का विभाजन विश्व इतिहास की सबसे रक्तरंजित घटना थी। मुगलों के आगमन के समय जो भारत 1 करोड़ वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में विस्तारित था वो 14 अगस्त 1947 के त्रासदीपूर्ण, अनियोजित, अस्वीकार्य दो राष्ट्र में बदलने के गोरे और काले अंग्रेजों के कपटपूर्ण निर्णय के बाद मात्र 33 हजार वर्ग किलोमीटर का इंडिया मात्र रह गया।  जिसे गाँधी जी ने 'अपनी लाश पर होना कहा था...', जिसे नेहरू ने अपनी सत्ता भोग की लालसा के चलते 'नियति से मुलाकात कहा था' जिसे जिन्ना ने 'मात्र शुरूआत है...' कहकर भविष्य की योजना बता दी थी और जिसे हिंगलाज से ढाकेश्वरी तक के भक्तों ने, हिन्द की संतानों ने कहर की तरह झेला था..." उस जेहादी योजना की सफल परिणीति को लॉर्ड माउंटबेटन के ख़ुशामदिदो ने हमारी आगामी पीढ़ियों से छुपाने का षड्यंत्र भी आजादी के पश्चात रचा। अपने पाकिस्तान न जा पाने की मजबूरी को जिस मौलाना आजाद ने बार-बार भुनाकर वाहवाहियां लूटी और सत्ता भोगी उसी ने नेहरू और वामपंथियों के इशारों पर भारत के शिक्षा मंत्री रहते ...

महान हिन्दू संगठक-वीर महाराणा प्रताप

प्रातः स्मरणीय महाराणा प्रताप सनातन धर्म व संस्कृति के रक्षक के रूप में एक ऐसा नाम जो युगों-युगों तक भारतवर्ष सहित विश्व के विभिन्न भागों में तब तक गूंजता रहेगा जब तक कि कोई भी व्यक्ति, सङ्गठन या देश अपनी राष्ट्रीय अस्मिता, धार्मिक स्वतंत्रता तथा स्वाभिमान की रक्षा व सम्मान हेतु लड़ता रहेगा।  भगवान श्री राम से भी पूर्व से चली आ रही सूर्यवंश की गौरवशाली क्षत्रिय परम्परा में विश्व के सबसे प्राचीन राज्य मेदपाट मेवाड़ जिसे पुरातन काल में चित्रकूट भी कहते थे उस चितौड़ की धरा के उज्ज्वल कीर्ति वाले राजवंश सिसोदिया कुल में जहाँ जन्मे महाराणा बप्पा रावल जिनके घोड़ों की टापों की गूंज आज भी हिंदुकुश के पर्वतों में आज भी गूंज रही है, जिनकी तलवार का स्वाद चखे म्लेच्छों के वंशज आज भी उनकी बसाई नगरी रावलपिंडी के नाम को बदलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए इन्ही के कुल में आगे महाराणा मोकल व कुम्भा, सांगा जैसे कुशल प्रजापालक, वीर व अद्वितीय योद्धा, महारानी पद्मावती व कर्मावती जैसी सती मातृशक्ति का प्रादुर्भाव हुआ। वहीं वीर प्रसूता माता जयवंती बाई की कोख से पिता महाराणा उदयसिंह जी के "प्रताप...

सत्ता मद के विरुद्ध जनसंघर्ष के नायक : भगवान परशुराम जी

वैदिक कालखंड के आर्यावर्त में हमारे ऋषि मुनि क्षत्रियों को राज सत्ता सौंप उन्हें राष्ट्र और जन दोनों के हित में कार्य करने का निर्देश दे कर आत्म निःश्रेयस भाव से वन में निवास करते हुए निरंतर समाज को देने के लिए नित्य नूतन ज्ञान-विज्ञान के अनुसंधान व तप में लीन रहते थे। इसी प्रकार के एक वैज्ञानिक महर्षि जमदग्नि के घर अक्षय तृतीया को बालक राम का जन्म हुआ। माता रेणुका के स्नेह छाँव में पोषित तथा परम् विद्वान पिता द्वारा प्रदत्त शिक्षा-दीक्षा से पल्लवित युवा राम कठोर तप हेतु हिमालय की गोद में चले गये, इधर सत्ता मद के अहंकार से ग्रसित राजाओं ने आम जनता सहित ऋषि-मुनियों को प्रताड़ित करना आरम्भ कर दिया।  ऐसे शासन में धर्म-कर्म, ज्ञान- विज्ञान के अनुसंधान में बाधाएं उतपन्न होने लगी, सनातन के आधार तत्व गाय, गंगा, गायत्री सभी असुरक्षित अनुभव करने लगे, मदांध राजसत्ता ऋषि गणों के अपमान और शील हरण पर उतर आई। महर्षि जमदग्नि ने नेतृत्व कर कठोर प्रतिकार किया परन्तु राजसी सत्ता ने उनके प्राणों की बली ले ली।  माता रेणुका, कामधेनु गौमाता की चीत्कार और आम जन की करूंण पुकार सुनकर विचलित राम तपस्या ...